Sunday 2 October 2011

गांधी के विविध दृष्टिकोण-एक अनुशीलन


डाॅ0 मीनाक्षी शुक्ला
दर्शनशास्त्र विभाग
इलाहाबाद विश्वविद्यालय,इलाहाबाद।

महात्मा गांधी के चिन्तन का क्षेत्र बहुत व्यापक एवं बहुआयामी है। गांधी जी केवल भारतीय स्वतन्त्रता आन्दोलन एवं आधुनिक भारत की परीधि में ही आबद्ध नहीं किए जा सकते। वे चिरन्तन मानवीय समस्याओं से जुड़े होने के कारण शाश्वत मूल्यों के उपासक रहे। समस्याएँ चाहे पश्चिमी दुनिया की हो अथवा तृतीय विश्व के नवोदित राष्ट्रों की उनके समाधान में कहीं न कहीं प्रत्यक्षतः अथवा अप्रत्यक्षतः गांधीजी की सम्बद्धता झलकने लगती है। एक नवीन मानव एवं एक नूतन समाज की संरचना की अवधारणा के सन्दर्भ में गांधी दर्शन का पारायण एवं अनुशीलन आवश्यक है। गांधीजी ने चिन्तन के प्रत्येक क्षेत्र में अपने विचार व्यक्त किए है। उनके बहुआयामी व्यक्तित्व का वर्णन निम्नांकित कुछ शीर्षकों के अन्तर्गत करने का प्रयास किया गया है।

गांधी दर्शन में ईश्वर विचारः-
ईश्वर प्रत्यय गांधी दर्शन का वह केन्द्र बिन्दु हैं, जिसके चतुर्दिक उनकी अहिंसा, सत्याग्रह आदि सभी विचार केन्द्रित है। उनका ईश्वर विषयक विचार वैष्णव मत के ईश्वरवादी विचार से प्रभावित है यदि महात्मा गांधी को किसी भी भक्त की तरह ईश्वर भक्त कहा जाय तो कोई भी अतिशयोक्ति नहीं होगी। क्यांेकि ‘ईशावास्यमिदं सर्वःयकिंच जगत्या’ उनके अन्दर की श्रद्धा है। महात्मा गांधी की ईश्वर की अवधारणा वास्तव में सत्य की अवधारणा से पृथक नहीं की जा सकती है। ईश्वर सच्चिदानन्द है सच्चिदानन्द का ‘सत्’ सŸाा का बोधक है ईश्वर एक सार्वभौम सŸाा है जिसके सिवा अन्य किसी की सŸाा नहीं है। सार्वभौम होने के कारण वह निरपेक्ष रूप से सत्य है तथा सभी प्रकार के सापेक्ष सत्य इस निरपेक्ष सत्य में समा जाते है।1 ईश्वर सभी प्रकार के भेदों से मुक्त हैं।2 वह केवल सत् अर्थात् सŸाा हैै। लेकिन यह सŸाा सत्य स्वरूप है जिसे गांधी ने एक प्रकार की अकथनीय, अज्ञात तथा सर्वव्यापक शक्ति माना हैं। वह शक्ति विद्युत शक्ति की भंाति कोई भौतिक शक्ति नहीं बल्कि एक चेतन शाक्ति  है।3
अपने विचार के परवर्ती काल में गांधी ईश्वर को सत्य ने कहकर ‘सत्य ईश्वर है’ ऐसा कहने लगे। उनका मत है कि जब ईश्वर व सत्य पूर्णतया एक रूप है तो ‘ईश्वर सत्य के स्थान पर सत्य ईश्वर है कहने में कोई दोष नहीं है। पुनः सत्य एक ऐसा भाव है जिसका निषेध ईश्वर समर्थक एवं ईश्वर विरोधी कोई भी नहंी कर सकता है। यह व्यापक एवं सार्वभौम भाव है। गांधी जी का मत है कि ईश्वर संबधी अंधविश्वास के कारण मानव को बहुत हानि हो चुकी है, ईश्वर के स्थान पर उस भाव को बल देना चाहिए जो उससे अधिक प्राथमिक है। यह भाव सत्य है। ईश्वर सत्य के अतिरिक्त और कुछ नहीं हो सकता। सत्य को ईश्वर कहने का एक परिणाम यह निकलता है कि हमारी आस्था का विषय सत्य हो जाता है, इस प्रकार गांधी का ईश्वर संबंधी विचार हर युग में प्रांसगिक है।
गांधी दर्शन में नैतिक विचारः-
गांधी जी अहिंसा को जीवन  में सदगुण  के रूप में अत्यधिक महत्व देते है। उनके नैतिक दर्शन को अहिंसावादी नीतिशास्त्र कहा जाता है। गांधी जी के शब्दों में ‘‘अहिंसा का अर्थ है प्रेम का समुद्र वैरभाव का सर्वथा त्याग, अहिंसा में दीनता-भीरुता न हो। अहिंसा में दृढ़ता, वीरता, होनी चाहिये’’।4 अहिंसा और सत्य सिक्के के दोनों पहलू के समान है फिर भी अंहिसा साधन है और सत्य साध्य है।
गंाधी के शब्दो में, अहिंसा सत्य की खोज का आधार है। ‘‘बिना अहिंसा के सत्य की साधना ही असम्भव है।’’ उनके लिए तो सत्य ही सर्वव्यापी ईश्वर है, जो सम्पूर्ण संसार को प्रेम के द्वारा बांधे हुए है और ईश्वर से प्रेम करने का अर्थ है कि हम उन प्राणियों से प्रेम करें जिनमंे वे आंशिक रूप से विद्यमान है इसलिए व यंग इंडिया (31.12.1391) में कहते हैं यदि हम सत्य-स्वरूप ईश्वर को पाना चाहते है तो हमें इसके लिए निश्चय ही पे्रम या अंहिसा का मार्ग अपनाना होगा।5 वर्तमान में विश्व किसी न किसी रूप में हिंसक प्रवृत्ति का शिकार है, ऐसे समय में गांधी जी के अहिंसा दर्शन का व्यवहारिक पक्ष प्रासंगिक हो गया है।
गांधी के दर्शन में सामाजिक स्तरीकरण की अवधारण-
मानव समाज के इतिहास में ऐसा युग अपवाद स्वरूप ही मिलता है, जिसमें व्यक्तियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति एक दूसरे के समान रही हो, आदिम समाजों मे भी मुखिया की प्रभुता, व्यक्तिगत शक्ति, और पारिवारिक संपत्ति के आधार पर ऊँच-नीच का भेद सदैव बना रहा हैं। कुछ समाजों में यह भिन्नता जन्म के आधार पर होती है, जबकि कुछ समाजों मंे इसका निर्धारण व्यक्तियों की कुशलता और योग्यता के आधार पर किया जाता है, पहली स्थिति को हम बंद स्तरीकरण दूसरी को खुला स्तरीकरण कहते है। बंद स्तरीकरण का अर्थ है कि व्यक्ति को एक बार जो स्तर प्राप्त हो जाता है, वह किसी प्रकार उसको परिवर्तित नहंी कर सकता। खुला स्तरीकरण का अर्थ एक ऐसी व्यवस्था से हंै, जिनकी प्रवृत्ति पूर्णतया खुली होती हंैं। व्यक्ति जब चाहे अपने प्रयत्नो के, द्वारा उच्च स्थान प्राप्त कर सकता है।
गांधी जी की सामाजिक स्तरीकरण संबंधी अवधारणा खुले हुये स्तरीकरण के अंतर्गत आती हैं। गांधी जी के शब्दो मंे, एक स्वस्थ सामाजिक जीवन, सहयोग के प्रतिष्ठा तथा श्रमविभाजन एवं कार्य-विशिष्टीकरण पर ही टिक सकता है, इसलिए आवश्यक है प्रत्येक अपनी शक्ति के अनुरूप योगदान करता रहें, गांधी वर्णव्यवस्था के प्रारंभिक रूप को महत्व देते है परन्तु स्वीकारते है कि यह व्यवस्था कालक्रम मंे विकृत हो गई। गंाधी जी का कहना है कि प्रारभिंक वर्णविचार में छोटे-बडे़ का भेदभाव नहीं था, बल्कि वहाँ तो आधार था- व्यक्ति की अपनी कार्य-क्षमता तथा समाज में कार्यविभाजन की अनिवार्यतः प्रारम्भ में समदृष्टि थी, समाज के सभी कार्य एक जैसे है। गांधी ने सामाजिक स्तरीकरण का आधार वर्गव्यवस्था को स्वीकार किया है, साथ ही सामाजिक व्सवस्था के अन्तर्गत श्रम-विभाजन एवं कार्यविशिष्टीकरण के सिद्धान्त का प्रतिपादन कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना चाहा, जो वर्तमान युग के लिए प्रासंगिक है तथा वर्तमान सामाजिक व्यवस्था में भी इस विचार को व्यवहारिक रूप देने की आवश्यकता हैं।
गांधी का आर्थिक चिंतन-
मानव इतिहास के किसी अन्य युग की अपेक्षा वर्तमान युग में मानव की सम्पूर्ण क्रियाएँ उसकी आर्थिक गतिविधियों से प्रभावित होती हैं। आर्थिक शक्तियाँ इतिहास की धारा के मार्ग को प्रभावित करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति रही है।
मनुष्य को अपने जीवन की भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए धन की आवश्यकता होती है। मनुष्य की आत्मिक आवश्यकताएँ तो धर्म के माध्यम से पूरी की जा सकती हैं लेकिन उसे जीवित रहने के लिए अपनी शारीरिक आवश्यकताओं की सम्पूर्ति करनी ही होती है। यदि मनुष्य के जीवन की मूलभूत आवश्यकताएँ पूरी नहीं होती हैं तो वे समाज के भावी जीवन के लिए शुभ संकेत देने वाली नहीं होती है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब कभी भी राज्य की गलत आर्थिक नीतियों के कारण जनता की आर्थिक आवश्यकताओं पर कुठाराघात हुआ है, वहीं पर शासन के विरुद्ध क्रान्तियाँ हुई हैं। गांधी जी ने एक सम्पूर्ण आर्थिक दर्शन प्रस्तुत किया और उसका सांगोपांग विवेचन किया। गंाधी का अर्थशास्त्र व्यावहारिक एवं वास्तविक आर्थिक समस्याओं पर आधारित हैं। उन्होंने बेकारी, मजदूरों का शोषण एवं उनके साथ अमानुषिक व्यवहार, आर्थिक असमानता, आर्थिक केन्द्रीकरण, मशीनीकरण, गांवों का शोषण, गांवों में दरिद्रता, जैसी आर्थिक समस्याओं पर न केवल चिंतन किया है, बल्कि व्यावहारिक निदान भी दिया है।
गांधी जी पूर्ण रोजगार के सिद्धान्त में कहते हैं ‘‘कि राज्य का कर्तव्य जो काम करने योग्य है, अगर वह काम मांगता है, तो काम उसको मिलना चाहिए राज्य इस जवाबदेही से मुकर नही सकता। गांधी के अनुसार देश की स्थिति एवं साधनों को देखते हुए कृषि, कुटीर उद्योग, श्रम उद्योगों को बढ़ावा दे, ताकि सभी व्यक्ति काम प्राप्त कर सकें उनके अनुसार आधुनिक तकनीकी एवं पूंजी प्रधान उद्योगों तथा रोजगार अवसर में सम्यक् समन्वय होना चाहिए, पूंजी संग्रहण को बढ़ावा न दें। ‘सादा जीवन उच्च विचार का आर्थिक सिद्धान्त’ में  वे कहते हैं- कि लोगों का जीवन सरल हो, जितनी आवश्यक आवश्यकतायें है उनकी पूर्ति हो, भौतिक समृद्धि नैतिक समृद्धि में संतुलन हा,े तभी भारत के प्रत्येक नागरिक को संतोष मिल पायेगा।
गांधीजी ने लिखा, ‘‘मेरे सपने का स्वराज्य तो गरीबों का स्वराज्य होगा। जीवन की जिन आवश्यकताओं का उपभोग अमीर लोग करते हैं, वहीं तुम्हें भी सुलभ होनी चाहिए। इसमें फर्क के लिए स्थान नहीं हो सकता लेकिन इसका यह अर्थं नहीं कि हमारे पास उनके जैसे महल होने चाहिए। सुखी जीवन के लिए महलों की कोई आवश्यकता नहीं। लेकिन तुम्हें जीवन की वे सामान्य सुविधाएँ अवश्य मिलनी चाहिए, जिनका उपभोग अमीर आदमी करता है। मुझे इस बात में बिल्कुल भी संदेह नहीं है कि हमारा स्वराज्य तब तक पूर्ण स्वराज्य नहीं होगा, जब तक वह तुम्हें ये सारी सुविधाएँ देने की पूरी व्यवस्था नहीं कर देता।6 पूर्ण स्वराज्य का आशय यह है कि उसमें जाति-पांति, धर्म अथवा दरजे के भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होगा।7 इस प्रकार यह स्पष्ट है कि गांधीजी ऐसी अर्थव्यवस्था की स्थापना चाहते थे जो समाज में आर्थिक असमानता को न्यूनतम करे तथा नागरिकों को जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करा सके।
नारी समस्याओं पर दृष्टिपात करते हुए गांधी दर्शन-
महात्मा गाध्ंाी ने जीवन के अनुभवों से यह शिक्षा प्राप्त की थी कि मानव समाज के निर्माण एवं विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वूपर्ण रही है अथवा यह कहा जा सकता है कि समाज के निर्माण एवं विकास को सजाने एवं संवारने में पुरूषों की अपेक्षा महिलाओं की भूमिका अधिक रही है तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। गांधीजी ने अपने सत्याग्रह आन्दोलन में स्त्रियों को सहभागी बनाया क्योंकि इसके लिए जिस त्याग, तपस्या, संयम, धैर्य एवं सहनशीलता की आवश्यकता होती है वह पुरूषों की अपेक्षा स्त्रियों मंे कई गुना अधिक होती है। इस प्रकार यह स्पष्ट है कि गांधीजी स्त्री स्वतंत्रता, स्त्री शिक्षा एवं समाज में उसे पुरूषों के समकक्ष स्थान दिलाने के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि, ‘‘शिक्षा, बलिदान की भावना और स्वयं, अपनी गरिमा में आस्था स्त्रियों स्वतंत्रता को सुनिश्चित करते हैं।’’8
गांधीजी के प्रयत्नों के फलस्वरूप भारत में ऐसा सामाजिक परिवर्तन आया कि बिना किसी कानून सुधार के भारतीय समाज के स्त्रियों को समानता एवं स्वतंत्रता का अधिकार पुरुषों को समान प्रदान किया।
गांधी जी के विचारों की समय समय पर आलोचनाएं होती रही है। कभी कहा गया है कि उन्होंने किसी नवीन सिद्धान्त की खोज नही कि किसी ने उनके नैतिक सिद्धान्त को अव्यावहारिक कहा, साथ ही यह भी कहा गया कि इस बदलते हुए युग में उनका अहिंसा तथा अपरिग्रह का सिद्धान्त सामाजिक तथा राजनीतिक जीवन की दृष्टि में अनुपयुक्त है वर्तमान राजनीतिक एवं आर्थिक परिप्रेक्ष्य में उनके सिद्धान्त किसी भी रूप में उपयोगी और प्रासंगिक नहीं रह गये हैं।
इन आलोचनाओं के बावजूद यह मानना पड़ेगा कि गांधी नैतिक एवं आध्यात्मिक क्रान्ति के महान देवता के रूप में सदैव स्मरण किये जायेंगे जिसके बिना इस पथभ्रष्ट को शान्ति प्राप्त नहीं होगी।
निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि शान्ति, प्रेम और अहिंसा के दूत महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन में मानवता के उच्चतम आदर्शों का समावेश निहित है। उनके जीवन दर्शन में ही उनका प्रेम, शान्ति, आत्मनिर्भरता एवं सहिष्णुता का अमर संदेश झलकता है। उनकी विलक्षण राजनीति दूरदृष्टि और सात्विक विचारों में आज 21वीं शताब्दी के राजनीतिक, सामाजिक एवं वैयक्तिक सभी द्वन्द्वों का समाधान निहित है। महात्मा गांधी के कालजयी विचार, सामाजिक एवं धार्मिक समन्वय, सहयोग, समभाव, सत्य, अंहिसा, एवं व्यक्ति का आत्मसम्मान यह सब आज विश्वस्तरीय मान्यता प्राप्त सिद्धान्त है। उन्होंने अपने जीवन भारत के स्वाधीनता संग्राम तथा मानवता के उद्धार को समर्पित किया। जीवन के अन्तिम क्षणों तक मानवी और आध्यात्मिक सिद्धान्तों में उनकी दृढ़ आस्था रही। आज के  तेजी से परिवर्तित हो रहे विश्व परिदृश्य में जहाँ आपसी तनाव एवं मतभेद बढ़ते ही जा रहे हैं, तब उनकी अहिंसा की दी हुई शिक्षा अधिक प्रासंगिक और प्रभावशाली हो जाती है क्योंकि आज का मानव जिन कठिनाइयों से गुजर रहा है, गांधी का मार्ग ही उसका पथ अलोकित कर सकता है तभी शान्ति, सुरक्षा उन्नति एवं समृद्धि के पथ पर बढ़ता हुआ मानव एवं घृणाविहीन, युद्धविहीन एवं प्रेमपूर्ण विश्व की रचना कर सकता है।
संदर्भ
1. ळंदकीप डण्ज्ञण् ज्ीम ैनचतमउम च्वूमतए च्.6
2. गांधी प्रार्थना-प्रवचन, (नई दिल्ली सस्ता साहित्य मंडल) प्रकाशन 1953, पृ0-131
3. गांधी, हरिजन, 22-6-47 पृ0 200
4. हिन्दी नवजीवन, 20 सित, 1928
5. धीरेन्द्र मोहन दŸा-महात्मा गांधी का दर्शन पृ0-73
6. गांधीजी, ‘मेरे सपनों का भारत, नवजीवन प्रकाशन, अहमदाबाद सन् 1999, पृ0 10
7. यंग इण्डिया, 5 मार्च 1931
8. नवजीवन, 21 अप्रैल, 1921
संदर्भ ग्रन्थ सूची
1. श्री भगवान सिंह- गांधी और दलित  प्रकाशक भारतीय ज्ञानपीठ नई दिल्ली-110003
2. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी,महात्मा गांधी, सहस्राब्दी का महानायक, सस्ता साहित्य मण्डल 2009
3. महात्मा गांधी - हिंद स्वराज्य, सस्ता साहित्य मंडल नई दिल्ली, सन् 1958।
4. महात्मा गांधी - मेरे सपनों का भारत, नवजीवन प्रकाशन मंदिर, अहमदाबाद सन् 1960।
5. प्रो0 बी0एम0 शर्मा, - गांधी दर्शन के विविध आयाम, राजस्थान हिन्दी ग्रन्थ अकादमी, जयपुर।
6. महात्मा गांधी -  अहिंसा और  सत्य, उ0प्र0 स्मारक निधि, वाराणसी, सन् 1965ं
7. विश्वनाथ सिंह - महात्मा गांधी और धर्म, साक्षरता निकेतन,  लखनऊ सन् 1968।
8. सर्वपल्ली राधाकृष्णन - भारतीय संस्कृति- कुछ विचार, राजपाल एण्ड सन्स दिल्ली, सन् 20085।
9. भगवान प्रसाद सिन्हा- आधुनिक सन्दर्भ और गांधी विचार, लक्ष्मीनारायण महाविद्यालय प्रकाशन, बिहार, 1970।
10. टी0टी0 रणदिते - सर्वोदय, नवजीवन प्रकाशन, अहमदाबाद।
11. महादेव प्रसाद - महात्मा गांधी का समाज दर्शन, हरियाणा साहित्य अकादमी चण्डीगढ़, 1989।
12. डाॅ0 बी0एन0 पाण्डे - गांधी, समग्र चिन्तन, गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, नई दिल्ली, सन् 2000।
13. रामनाथ सुमन - सत्याग्रह, गांधी स्मारक निधि, वाराणसी, सन् 1967।
14. दूधनाथ चतुर्वेदी - महात्मा गांधी का आर्थिक दर्शन, काशी विद्यापीठ, वाराणसी, 1965।
15. के0एल0 कमल - गांधी चिन्तन, जयपुर पब्लिशिंग हाउस, जयपुर सन् 1996।
16. शंभूरत्न त्रिपाठी - गांधी धर्म और समाज, समाजशास्त्र संसद, सन् 1964।
17. रामकृष्ण शर्मा - सर्वोदय, सर्वोदय साहित्य संघ, काशी  सन् 1979।
18. प्रतिभा जैन - गांधी चिन्तन: ऐतिहासिक परिप्रक्ष्य, राजस्थान हिन्दी ग्रन्थ अकादमी, जयपुर।
19. हिन्द स्वराज- पृ0 40 और बी0एस0शर्मा, गांधी एज ए पाॅलिटिकल थिंकर पृ0-41।
20. 1998, गाध्ंाी जी दृष्टि, सर्व सेवा संघ प्रकाशन, वाराणसी।
21. शर्मा अमित कुमार, 2005 हिन्द स्वराज की प्रांसगिकता कौटिल्य प्रकाशन।